
रतलाम मध्य प्रदेश( News SSR )रतलाम के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत पीएनटी कॉलोनी में शनिवार रात गणेश आरती के दौरान एक महिला के साथ अभद्रता, छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीएनटी कॉलोनी की रहने वाली पीड़िता (36 वर्ष) शनिवार रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच अपनी जेठानी और अन्य महिलाओं के साथ कॉलोनी में स्थापित गणेश पंडाल में आरती करने गई थी।
पीड़िता का आरोप है कि आरती के दौरान ही पड़ोस में रहने वाला आरोपी विनोद साहू (पिता शिव कुमार साहू) वहां आया और बुरी नीयत से पीड़िता का हाथ पकड़कर खींचने लगा। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अभद्रता करते हुए मारपीट और छीना-झपटी शुरू कर दी। इस दौरान महिला के गले की सोने की चेन गिर गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
यह पूरी घटना गणेश पाण्डाल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज में भी साफ देखा जा सकता है कि आरती के दौरान अचानक धक्का-मुक्की और बहस शुरू होती है, जिसके बाद भीड़ में अफरा-तफरी मच जाती है।
घटना के बाद पीड़िता अपने पति, जेठ और जेठानी के साथ औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी विनोद साहू के विरुद्ध लज्जा भंग करना/छेड़छाड़, स्वेच्छा से चोट पहुंचाना के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।