सतर्कता के साथ संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ सकारात्मक सोच भी आवश्यक है – प्राचार्य निगम

सीसीटीवी में कैद हुआ युवक, गलती स्वीकार कर बना स्कूल का सहयोगी

शासकीय हाईस्कूल लूनी में अनधिकृत प्रवेश से शुरू हुआ घटनाक्रम, अब विद्यालय की गतिविधियों के प्रचार-प्रसार में देगा सहयोग

विद्यालय की पहल – “गलती को अवसर में बदलने” और “युवा ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने” वाला प्रयास

आलोट।( News SSR ) रतलाम जिले के आलोट विकासखंड एवं ताल तहसील अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल लूनी में इन दिनों गणेशोत्सव की धूम चरम पर है।
इसी दौरान गत दिनों शाम के समय एक अज्ञात युवक बिना पूर्व सूचना एवं अनुमति के विद्यालय परिसर में प्रवेश कर गया। युवक बरामदे एवं परिसर में घूमते हुए मोबाइल से सेल्फी लेने तथा वीडियो बनाने लगा। विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में उसकी समस्त गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। अगले दिन प्राचार्य अखिलेश कुमार निगम द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच किए जाने पर पूरा मामला सामने आया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान कर उसे विद्यालय बुलाया गया और विद्यालय प्रबंधन द्वारा पूछताछ की गई। युवक ने बताया कि वह इंस्टाग्राम पर ब्लागर के रूप में वीडियो एवं रील बनाने का कार्य करता है तथा विभिन्न स्थानों पर जाकर वीडियो बनाता है। उसने स्वीकार किया कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि शासकीय विद्यालय परिसर में बिना अनुमति प्रवेश करना उचित नहीं है और यहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में बिना अनुमति विद्यालय परिसर सहित किसी भी शासकीय संस्था में प्रवेश नहीं करने का आश्वासन दिया। इसके बाद घटनाक्रम ने एक सकारात्मक एवं सुखद मोड़ ले लिया। युवक ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण, विद्यार्थियों की गतिविधियों तथा आयोजित कार्यक्रमों की खुलकर प्रशंसा व सराहना की।
प्राचार्य निगम ने युवक की सोशल मीडिया एवं वीडियो निर्माण में रुचि को सकारात्मक दिशा देने की पहल करते हुए कहा कि भविष्य में विद्यालय में होने वाले शैक्षणिक, सांस्कृतिक, प्रतिभा सम्मान, सायकल वितरण, पौधारोपण एवं अन्य कार्यक्रमों में उसे विधिवत आमंत्रित किया जाएगा। वह विद्यालय की अच्छी गतिविधियों और शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं के वीडियो एवं रील बनाकर उनका सकारात्मक प्रचार-प्रसार कर सकेगा।
प्राचार्य ने कहा कि यदि युवाओं की प्रतिभा और सोशल मीडिया की प्रचार-प्रसार क्षमता का उपयोग सकारात्मक कार्यों के लिए किया जाए तो विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां तथा शासन की हितग्राही मूलक योजनाऐं समाज तक बेहतर ढंग से पहुंच सकती हैं।
इस अवसर पर शिक्षक प्रभुलाल यादव, वर्षा परमार, रजनीश कुमार, राधेश्याम मीणा, जुनैद खान, कमलसिंह सोलंकी तथा परिचालक टीकम सिंह सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने युवक द्वारा गलती स्वीकार करने और भविष्य में सहयोग की इच्छा व्यक्त करने की सराहना की। विद्यालय परिवार ने युवक को सम्मानपूर्वक अपने बीच बैठाया तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में चाय पार्टी का आयोजन किया। सभी शिक्षकों ने कहा कि किसी गलती को केवल दंड की दृष्टि से देखने के बजाय यदि उसे सुधार और सकारात्मक सहयोग का अवसर दिया जाए तो परिणाम अधिक सार्थक होता है। प्राचार्य की की इस पहल ने यह संदेश दिया कि सतर्कता के साथ संवेदनशीलता और अनुशासन के साथ सकारात्मक सोच भी आवश्यक है।
सीसीटीवी कैमरा और ऑनलाइन गतिविधियों के प्रभारी रजनीश कुमार की सतर्कता एवं फुटेज की समय पर जांच से पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आई। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से परिसर में किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश अनुमति के बाद ही होना चाहिए।
युवक ने भी विद्यालय द्वारा दिए गए इस सकारात्मक अवसर के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में विद्यालय के कार्यक्रमों में सहयोग करने तथा विद्यालय की गतिविधियों, उपलब्धियों तथा शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
इस प्रकार सीसीटीवी कैमरे में अनजान युवक के रूप में सामने आया व्यक्ति अब विद्यालय की सकारात्मक गतिविधियों के प्रचार-प्रसार में सहयोगी बनने की दिशा में आगे बढ़ा है। विद्यालय की इस पहल को “गलती को अवसर में बदलने” और “युवा ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने” वाला प्रयास माना जा रहा है।

More From Author

शासकीय हाईस्कूल लुनी में शिव-गौरी नंदन उत्सव की धूम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *