
आलोट।( News SSR )आज सांदीपनि विद्यालय, आलोट में मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के उप सचिव अरविंद चोरघड़े द्वारा विद्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया गया। उनके साथ सहायक परियोजना समन्वयक अशोक लोढ़ा एवं रतलाम जिला आईटी प्रभारी मुकेश ठन्ना भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उप सचिव ने विद्यालय की साफ-सफाई, कक्षा प्रबंधन एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए छात्रवृत्ति पोर्टल सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने विद्यालय के शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ की कार्यप्रणाली को भी जाना तथा विद्यालय में किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उप सचिव एवं उनकी टीम ने विद्यालय के तीनों फ्लोर का निरीक्षण कर कक्षाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के पश्चात समस्त शिक्षकों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अरविंद चोरघड़े ने शिक्षकों को ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों को निरंतर सीखने एवं अपने ज्ञान को अद्यतन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों के हित एवं विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश, मार्गदर्शन एवं महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य फिरोज खान, उप प्राचार्य पीयूष शर्मा, मिडिल विंग प्रभारी सत्यनारायण सोंनंगरा एवं प्राइमरी विंग प्रभारी भगत सिंह पंवार द्वारा उप सचिव एवं उनकी टीम को विद्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं गतिविधियों का निरीक्षण करवाया गया।
विद्यालय आगमन पर प्राचार्य फिरोज खान द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उप सचिव अरविंद चोरघड़े, सहायक परियोजना समन्वयक अशोक लोढ़ा एवं रतलाम जिला आईटी प्रभारी मुकेश ठन्ना का आत्मीय स्वागत किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन एवं सुझावों को विद्यालय परिवार द्वारा सकारात्मक रूप से ग्रहण किया गया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों के हित में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।