रतलाम। टेंट हाउस का सामान भर कर सड़क किनारे खड़े लोडिंग वाहन (मिनी ट्रक) से ई बाइक चालक टकरा गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए युवक को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह धराड़ पुलिस चौकी के आगे फोरलेन पर लोडिंग वाहन क्रामांक एमपी 04 जीए 6587 खड़ा हुआ था। जिसमें टेंट हाउस का सामान भरा हुआ था। उसी दौरान ई बाइक चालक लोडिंग वाहन से टकरा गया और उसके सिर में गंभीर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्ती हर्ष पिता चेनसिंह गुर्जर निवासी डोंगरा धाम (त्रिवेणी रोड) के रुप में हुई। सूचना पर बिलपांक पुलिस और परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए थे। बिलपांक पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।