
धार।26अगस्त। ( News SSR )जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर बुधवार को धार शहर में मुस्लिम समाज द्वारा भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजन, युवा एवं बच्चे उत्साह और उमंग के साथ शामिल हुए। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान नात-ए-पाक और धार्मिक नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।

जुलूस के स्वागत के लिए शहर में जगह-जगह आकर्षक मंच लगाए गए, जहां विभिन्न समाजजनों एवं संस्थाओं द्वारा जुलूस का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया गया। कई स्थानों पर स्वागत मंचों से पुष्पवर्षा कर जुलूस में शामिल लोगों का अभिनंदन किया गया। वहीं कई जगहों पर ठंडे पेय एवं अन्य व्यवस्थाएं कर जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया गया। इस दौरान सदर समद खान का भी जगह-जगह गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं इस्तकबाल किया गया।
जुलूस के दौरान पूरे शहर में उत्साह और उल्लास का माहौल नजर आया। बड़ी संख्या में लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और पर्व की खुशियों में शामिल हुए। समाजजनों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाओं को याद करते हुए अमन, भाईचारे, आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया। जुलूस में शामिल लोगों ने मिल-जुलकर जश्ने ईद मिलादुन्नबी की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर समाजजनों ने आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश देते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाया। जुलूस में बच्चों और युवाओं की भी बड़ी संख्या में सहभागिता रही, जिससे आयोजन में विशेष उत्साह देखने को मिला।
जुलूस के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए। पूरे आयोजन के दौरान समाजजनों ने प्रशासन का सहयोग किया। जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।