सैलाना ओवरब्रिज पर टैंकर से रिसा ऑयल, आधा दर्जन दोपहिया वाहन फिसले; कई चोटिल

समय रहते रेती व पानी डालकर रोका हादसा, 19 वर्षीय छात्र ने दिखाई सतर्कता

रतलाम, 30 सितम्बर( News SSR )। शहर के सैलाना ओवरब्रिज पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक अज्ञात ट्रैक्टर-टैंकर का वाल्व खुला रह जाने के कारण ब्रिज की सड़क पर भारी मात्रा में ऑयल बह गया। चिकनाई के कारण सड़क पर से गुजर रहे करीब आधा दर्जन दोपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर गिर पड़े और चोटिल हो गए। घायलों में एक वर्षीय मासूम बालक भी शामिल है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुबह राम मंदिर की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रैक्टर-टैंकर से सैलाना ओवरब्रिज पर ऑयल का रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते सड़क चिकनी हो गई और पीछे आ रहे दोपहिया वाहन फिसलने लगे। दुर्घटना में शक्ति नगर निवासी 19 वर्षीय कॉलेज छात्र हनी सूर्यवंशी भी गिरकर चोटिल हो गया। हालांकि, चोट लगने के बावजूद हनी ने सूझबूझ दिखाई और कॉलेज जाने के बजाय ब्रिज के पास खड़े होकर अन्य वाहन चालकों को वहां से न गुजरने की चेतावनी देने लगा।

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से टला हादसा
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड, लोक निर्माण विभाग (PWD) और यातायात पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पार्षद पति पवन सोमानी, निगम स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्र सिंह पंवार, लोक निर्माण विभाग के सहायक यंत्री नीलेश पंचोली, यातायात सूबेदार अनोखीलाल परमार, आरक्षक गुलाब चंद्र मीणा और नरेंद्र चावरे ने मोर्चा संभाला।

सड़क पर तत्काल रेती (बालू) और पानी का छिड़काव करवाया गया, जिससे वाहनों का फिसलना बंद हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाधित हुए यातायात को व्यवस्थित कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। समय पर हुई इस कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना होने से टल गई।

More From Author

तीन माह से वेतन के इंतजार में नगर परिषद के कर्मचारी

खाद्य विभाग की बड़ी लापरवाही: नामली में फंगस व कीड़े लगी ब्रेड बेचने का मामला आया सामने, क्या नागरिकों की सेहत से हो रहा खिलवाड़?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Categories